बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 21 जुन । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नगर पालिका के सीएमओ अमरेश सिंह को फटकार लगाई। केंद्र सरकार के 12 सालों की उपलब्धियों पर आधारित कार्यक्रम के दौरान में जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने और विकास कार्यों में देरी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।
तोखन साहू ने कहा कि इतनी शिकायतें मिल रही हैं यहां, आपने किसी को बताया नहीं। मैं तो अपने से आया हूं, आप बुलाए नहीं हैं। विधायक जी को बुलाना चाहिए था, सभी पार्षद और अध्यक्ष को बुलाना चाहिए था, लेकिन आपने किसी को बुलाया ही नहीं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान होना चाहिए और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करें।
दरअसल, शनिवार को तखतपुर नगर पालिका में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को जानकारी मिली कि केंद्र सरकार के कार्यक्रम के लिए न तो उन्हें और न ही स्थानीय विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों को विधिवत आमंत्रित किया गया था।
इस पर उन्होंने मंच से ही सीएमओ अमरेश सिंह को बुलाकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर भी सवाल उठाए। तोखन साहू ने पूछा कि मंच निर्माण के लिए 25 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे, फिर अब तक निर्माण कार्य पूरा क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि, जब मैं पैसा दिया हूं और वही काम नहीं हो पाया है, तो बाकी विभाग कैसे चलता होगा? तोखन साहू ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

