रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 21 जुन । कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को कांग्रेस के संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रायपुर पहुंचे। दिनभर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक एवं संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के बाद उन्होंने अपने सहज अंदाज से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
शाम को रायपुर एयरपोर्ट रवाना होने के दौरान राहुल गांधी का काफिला नवा रायपुर स्थित चर्चित मैगी पॉइंट पर कुछ देर के लिए रुका। यहां राहुल गांधी ने आम लोगों की तरह बैठकर मैगी का स्वाद लिया। उनके अचानक पहुंचने की खबर मिलते ही आसपास मौजूद लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और बातचीत करने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राहुल गांधी ने मैगी के साथ चाय का भी आनंद लिया और कुछ देर तक स्थानीय लोगों से अनौपचारिक चर्चा की। उनका यह सादगी भरा अंदाज लोगों को खूब पसंद आया। सोशल मीडिया पर भी राहुल गांधी के मैगी पॉइंट पहुंचने की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल होने लगे।
इससे पहले राहुल गांधी ने रायपुर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के बाद एयरपोर्ट लौटते समय उनका नवा रायपुर के मैगी पॉइंट पर रुकना दिनभर की राजनीतिक गतिविधियों के बीच चर्चा का विषय बन गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे राहुल गांधी के आम लोगों से जुड़ाव और सहज व्यक्तित्व की मिसाल बताया।

