घर जाना है तो 10 हजार दो’ : चेन्नई में फंसीं सरगुजा की 3 युवतियों ने विधायक से मांगी मदद

घर जाना है तो 10 हजार दो’ : चेन्नई में फंसीं सरगुजा की 3 युवतियों ने विधायक से मांगी मदद

अम्बिकापुर(अमर छत्तीसगढ़) 22 जुन । सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र की तीन युवतियों के चेन्नई में फंसने का मामला सामने आया है। युवतियों ने वीडियो कॉल के माध्यम से सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से मदद की गुहार लगाई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर, बेलजोरा और बिनई की रहने वाली तीन युवतियों को जशपुर में तीन माह की सिलाई ट्रेनिंग दिलाई गई थी। आरोप है कि ट्रेनिंग पूरी होने के बाद प्लेसमेंट के नाम पर दो युवतियों और एक युवक ने उन्हें तमिलनाडु के कांचीपुरम (चेन्नई) ले जाया।

युवतियों का कहना है कि वहां पहुंचने के बाद उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब उन्होंने घर लौटने की इच्छा जताई तो उनसे वापस भेजने के एवज में 10-10 हजार रुपये की मांग की गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे रकम देने में असमर्थ हैं।

इस बीच चेन्नई में मौजूद युवतियों ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से संपर्क कर मदद मांगी। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया तथा युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवतियों को चेन्नई ले जाने वाले लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Chhattisgarh