राजनांदगांव (अमर छत्तीसगढ़) 22 जुन।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित राष्ट्रीय सह साधन प्रवीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) 2025-26 के परिणाम घोषित हो गए हैं। इस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से कक्षा 12वीं तक लगातार चार वर्षों के लिए प्रति माह ₹1,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस प्रकार प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को अपनी आगे की पढ़ाई के लिए कुल ₹48,000 की आर्थिक सहायता प्राप्त होती है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खैरझिट्टी के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के दो विद्यार्थियों ने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आशा मुदलियार ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट परिणामों की आशा जताई है।

