भाजपा नेता पर हमले के बाद बड़ी कार्रवाई: प्रशासन ने आरोपी रज्जाक अली के अवैध मकान पर चलाया बुलडोजर

भाजपा नेता पर हमले के बाद बड़ी कार्रवाई: प्रशासन ने आरोपी रज्जाक अली के अवैध मकान पर चलाया बुलडोजर

कोरबा(अमर छत्तीसगढ़) 28 जुन । भाजपा नेता पर जानलेवा हमले के आरोपी रज्जाक अली के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने सीतामड़ी स्थित मकान को अवैध निर्माण मानते हुए जमींदोज करने की कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।

बताया जा रहा है कि रज्जाक अली पर भाजपा नेता पर रॉड से हमला कर उनके दोनों पैर तोड़ने का आरोप है। घटना के बाद से मामले को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा रही। आरोपी रज्जाक अली करतला जनपद पंचायत का उपाध्यक्ष भी रह चुका है। रज्जाक अली का नाम पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से जुड़ता रहा है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। प्रशासन द्वारा उसे पहले जिलाबदर भी किया जा चुका है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जांच में सीतामड़ी स्थित मकान को अवैध पाया गया, जिसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और संबंधित कानूनी कार्रवाई जारी है। प्रशासन की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था और अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Chhattisgarh