राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 1 जुलाई । आईबी ग्रुप की सुनहरा कल पहल एक बार फिर प्रतिभाओं को नई उड़ान देने में सफल रही है। आईबी ग्रुप, राजनांदगांव के कर्मचारी कीर्ति सिंह की पुत्री महिमा राजपूत का चयन प्रतिष्ठित मिशन शक्तिसैट के लिए हुआ है। भारत से चयनित 20 प्रतिभागियों में महिमा शामिल हैं, जबकि वे छत्तीसगढ़ की एकमात्र चयनित छात्रा हैं।
मिशन शक्तिसैट एक वैश्विक, पूर्णतः महिला-नेतृत्व वाला अंतरिक्ष मिशन है, जिसमें विश्वभर से 108 छात्राओं का चयन किया गया है। अगस्त में नई दिल्ली में आयोजित आठ दिवसीय कार्यशाला में प्रतिभागी छात्राएं मिलकर मिशन शक्तिसैट उपग्रह का निर्माण करेंगी।
इनमें से एक उपग्रह को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरे को चंद्रमा की सतह पर उतारने के उद्देश्य से विकसित किया जाएगा। इनका प्रक्षेपण अक्टूबर में इसरो के श्रीहरिकोटा प्रक्षेपण केंद्र से किया जाएगा।
दूरदर्शी पहल का प्रेरक उदाहरण
आईबी ग्रुप ने महिमा राजपूत की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। संस्था ने बताया कि सुनहरा कल पहल के तहत कर्मचारियों के बच्चों को छात्रवृत्ति, शैक्षणिक सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। महिमा की सफलता इसी दूरदर्शी पहल का प्रेरक उदाहरण है।
एमडी ने दी बधाई
आईबी ग्रुप के एमडी बहादुर अली का कहना है कि कर्मचारियों के परिवारों के विकास में निवेश ही भविष्य के भारत के निर्माण की मजबूत नींव है। महिमा राजपूत की उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि आईबी ग्रुप, राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ के साथ साथ पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

