नए मुख्य अभियंता मेश्राम बोले, चारों जिलों में निर्बाध बिजली और उत्कृष्ट उपभोक्ता सेवा रहेगी सर्वाेच्च प्राथमिकता

नए मुख्य अभियंता मेश्राम बोले, चारों जिलों में निर्बाध बिजली और उत्कृष्ट उपभोक्ता सेवा रहेगी सर्वाेच्च प्राथमिकता

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) , 03 जुलाई 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के राजनांदगांव क्षेत्र में आज एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल संपन्न हुआ। कंपनी के मानव संसाधन विभाग द्वारा 01 जुलाई 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश के परिपालन में, हर्ष कुमार मेश्राम ने आज राजनांदगांव क्षेत्र के नए मुख्य अभियंता (Chief Engineer) के रूप में आधिकारिक तौर पर अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। राजनांदगांव शहर के पार्रीनाला स्थित क्षेत्रीय प्रशासनिक भवन में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान कार्यपालक निदेशक (ED) शिरीष सेलट ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी।


पदभार ग्रहण करने के पश्चात कंपनी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नए मुख्य अभियंता श्री एच.के. मेश्राम ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, ”राजनांदगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चारों जिलों राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंड़ई, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी एवं कबीरधाम में विद्युत विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए हम पूरी टीमवर्क के साथ सतत् प्रयासरत रहेंगे।

इन चारों जिलों में निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण विद्युत व्यवस्था बनाए रखना और उत्कृष्ट उपभोक्ता सेवा प्रदान करना हमारी पहली प्राथमिकता होगी।” कार्यालय के समस्त अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने नवपदस्थ मुख्य अभियंता श्री मेश्राम को पुष्पगुच्छ भेंट कर पदभार ग्रहण करने की बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

उपस्थित जन ने निवर्तमान ईडी श्री सेलट को भी उनके भावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस गरिमामय विदाई एवं स्वागत समारोह का कुशल मंच संचालन पब्लिसिटी ऑफिसर श्री धर्मेन्द्र शाह मंडावी द्वारा किया गया।

Chhattisgarh