मुंगेली(अमर छत्तीसगढ़) , 9 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), मुंगेली द्वारा 18 जून से 24 जून 2026 तक संचालित “माय भारत युवा मंडल विकास अभियान” के अंतर्गत गठित युवा मंडलों का युवा मंडल सम्मेलन दीनबंधु सहयोग संस्था, विनोबा नगर, मुंगेली में आयोजित किया गया।
अभियान का उद्देश्य जिले के युवा एवं युवती मंडलों को सशक्त बनाना, नए युवा मंडलों का गठन एवं पंजीयन करना तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना था।

अभियान के दौरान जिले के 35 ग्रामों में नए युवा एवं युवती मंडलों (युवा क्लबों) का गठन किया गया। सम्मेलन में इन सभी ग्रामों के अध्यक्ष एवं सचिवों को आमंत्रित किया गया। बैठक में युवा मंडलों की कार्यप्रणाली, ग्राम स्तर पर गतिविधियों के संचालन, नेतृत्व विकास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
साथ ही यह भी बताया गया कि युवा मंडल अपने-अपने गांवों में खेलकूद, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन किस प्रकार करें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरा युवा भारत, बिलासपुर संभाग के उपनिदेशक श्री नितिन शर्मा रहे। उन्होंने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए युवा मंडलों की भूमिका, स्वयंसेवा की भावना तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी नवगठित युवा मंडलों से अपने-अपने गांवों में नियमित रूप से सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यक्रम संचालित करने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक श्री नितेश कुमार मोहले द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दीनबंधु सहयोग संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (NYV) श्री अरुण कुमार साहू का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसके लिए आयोजकों ने उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी युवा एवं युवती मंडलों के अध्यक्षों, सचिवों एवं सदस्यों ने अपने-अपने गांवों में सक्रिय युवा नेतृत्व विकसित करने, सामाजिक विकास, जनजागरूकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

