कोटा(अमर छत्तीसगढ़) 13 जुलाई । छत्तीसगढ़ के कोटा में करगी रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को हड़कंप मच गया। दरअसल, प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गुजर रही एक मालगाड़ी के कई डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी के पीछे के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मालगाड़ी के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा हुआ नजर आया था। बताया जा रहा है कि घटना के बाद ट्रेन का इंजन कुछ दूरी तक आगे बढ़ने के बाद रुक गया, जबकि पीछे के डिब्बे प्रभावित हुए।
हादसे के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे ट्रैक के आसपास चल रहे कार्य के दौरान जेसीबी का बकेट किसी तरह मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिसके कारण वह ट्रेन के नीचे फंस गया और डिब्बे पटरी से उतर गए।
वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, कुछ युवक जेसीबी का बकेट लेकर रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान मालगाड़ी वहां पहुंच गई और बकेट ट्रेन में फंस गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। हालांकि, रेलवे अधिकारियों की ओर से अभी तक हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

