सूरजपुर के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था बदहाल : 9 में से 8 शिक्षक मिले नदारद, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

सूरजपुर के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था बदहाल : 9 में से 8 शिक्षक मिले नदारद, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

सूरजपुर(अमर छत्तीसगढ़) 27 जुलाई । छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कर्री में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ कुल 9 शिक्षकों में से शनिवार को केवल एक शिक्षक ही स्कूल में मौजूद मिले, जबकि आठ शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इस घटना ने सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ एकमात्र शिक्षक सूरज कुमार दोनों स्कूलों की जिम्मेदारी संभालते नजर आए। उन्होंने बताया कि कुछ शिक्षक अवकाश पर हैं, जबकि कुछ बिना किसी सूचना के विद्यालय नहीं पहुंचे।

शिक्षकों की बड़ी संख्या में अनुपस्थिति का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। कई कक्षाओं में छात्र-छात्राएं बिना पढ़ाई के बैठे मिले। बच्चों से सामान्य ज्ञान और गणित के सरल सवाल पूछे गए तो अधिकांश सही जवाब नहीं दे सके। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें मध्याह्न भोजन पर्याप्त मात्रा में नहीं दिया जाता।

वहीं, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक देवीप्रसाद पैकरा पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पदभार ग्रहण करने के बाद से वे नियमित रूप से विद्यालय नहीं आए हैं। उनका आरोप है कि स्कूलों का नियमित निरीक्षण नहीं होने के कारण शिक्षकों में अनुशासन खत्म होता जा रहा है और शिक्षा व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मामले की जांच कर अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई तथा विद्यालयों में नियमित शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Chhattisgarh