राजनांदगांव (अमर छत्तीसगढ़) 27 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर शिवनाथ सद्भावना समिति, फेस-2 एवं 3, शिवनाथ कॉलोनी के तत्वावधान में एक गरिमामय एवं देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध में सहभागी रहे भूतपूर्व सैनिक नायब सूबेदार श्री रोहित साहू का श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित नागरिकों ने उनके साहस, शौर्य एवं राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद एवं समिति के संरक्षक श्री शेखर लश्करे, संरक्षक श्री अशोक चौबे, समिति के अध्यक्ष श्री संजीव शर्मा सहित समिति के समस्त पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के अदम्य साहस, वीरता एवं बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव, प्रेरणा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों ने अमर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके सर्वोच्च बलिदान को शत्-शत् नमन किया।
कार्यक्रम का समापन देश भक्ति जयकारे के साथ हुआ। शिवनाथ सद्भावना समिति ने संकल्प व्यक्त किया कि भविष्य में भी राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सद्भाव एवं जनजागरण से जुड़े ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

