बिलासपुर की सरकारी शराब दुकान में भीषण आग : करोड़ों का स्टॉक जलकर खाक, 4 दमकल वाहनों ने पाया काबू

बिलासपुर की सरकारी शराब दुकान में भीषण आग : करोड़ों का स्टॉक जलकर खाक, 4 दमकल वाहनों ने पाया काबू

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 2 अगस्त । छत्तीसगढ़ की बिलासपुर शहर के व्यापार विहार स्थित सरकारी शराब दुकान में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के तीन वाहनों के साथ हाईकोर्ट परिसर में तैनात दमकल वाहन को भी मौके पर बुलाना पड़ा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में शराब का बड़ा स्टॉक और दुकान का सामान जलकर नष्ट हो गया।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट दीपांशु नाथ ने बताया कि रात 2:22 बजे आग लगने की सूचना मिली। दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन इसी दौरान आग ने अचानक और विकराल रूप ले लिया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए सुबह करीब 4 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते आग को आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया गया।

एडिशनल कमिश्नर एक्साइज नवनीत तिवारी ने बताया कि दुकान में 80 से 90 ब्रांड की शराब का स्टॉक रखा हुआ था। फिलहाल स्टाफ स्टॉक का मिलान कर नुकसान का आकलन कर रहा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Chhattisgarh