भिलाई(अमर छत्तीसगढ़) 2 अगस्त । छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में लोहा चोरी का मामला छत्तीसगढ़ के सबसे चर्चित मामलों में शामिल हो गया है। GM हिमांशु भूषण मलिक और AGM मनोज कुमार देवांगन के बाद पुलिस ने शनिवार को वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि लोहा चोरी में जिन ट्रकों का इस्तेमाल किया जा रहा था, वे भास्कर मुदलियार से जुड़े हैं। इसी आधार पर उससे पूछताछ की गई और बाद में उसे गिरफ्तार किया गया। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद भास्कर मुदलियार को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
आपको बता दें कि शुरुआत में इसे स्क्रैप चोरी का मामला माना गया था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि यह एक संगठित गिरोह का काम था। जांच में प्लांट के कुछ अधिकारी, ठेकेदार, ट्रांसपोर्टर, कारोबारी और अब एक भाजपा नेता का नाम भी सामने आया है। अब तक इस मामले में 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की जांच अभी भी जारी है।

