धमतरी(अमर छत्तीसगढ़) 2 अगस्त । प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी रविवार को धमतरी दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने ‘युवा नशामुक्ति कार्यक्रम’ में शामिल होकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। हालांकि कार्यक्रम के बाद शराबबंदी को लेकर मंत्री ओपी चौधरी का बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान जब प्रदेश में शराबबंदी को लेकर सवाल पूछा गया तो वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन अपने पांच साल के कार्यकाल में उस वादे को पूरा नहीं कर सकी।
उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के वादों और हकीकत को अच्छी तरह जानती है और ऐसे मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय समाज को नशामुक्त बनाने के लिए गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप आने वाले 100 रविवार तक देशभर में नशामुक्ति अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया जाएगा।
ओपी चौधरी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मादक पदार्थों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाने जा रहे हैं। इसका उद्देश्य नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना और युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है कि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ें। मंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश में शराबबंदी को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

