दुर्ग में लूट का विरोध करना पड़ा भारी : बदमाशों ने उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या, मोबाइल और नकदी लेकर हुए फरार

दुर्ग में लूट का विरोध करना पड़ा भारी : बदमाशों ने उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या, मोबाइल और नकदी लेकर हुए फरार

दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 3 अगस्त । जिले के जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र में ग्राम तुमाकला के उपसरपंच की हत्या से सनसनी फैल गई। रविवार देर रात करगीडीह से चिखली चौक के बीच अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट के दौरान चाकू से हमला कर उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, प्रकाश सिंह कश्यप अपने एक साथी के साथ भिलाई से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने पहले मोबाइल और पैसे लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने प्रकाश सिंह कश्यप पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हमले के दौरान उनके साथ मौजूद साथी किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों ने वारदात के बाद मृतक का मोबाइल फोन और करीब चार हजार रुपये नकद लूट लिए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Chhattisgarh