अवैध सागौन तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा : सूरजपुर में लकड़ी से भरी पिकअप जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

अवैध सागौन तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा : सूरजपुर में लकड़ी से भरी पिकअप जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर(अमर छत्तीसगढ़) 3 अगस्त । जिले के रामानुजनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन जब्त किया है। रात्रिकालीन गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने छिंदिया बीट के जंगल में घेराबंदी कर लकड़ी से लदी पिकअप को पकड़ा। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 3 बजे नियमित गश्त के दौरान सफेद रंग की पिकअप (क्रमांक CG 15 AC 1294) को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन में सागौन प्रजाति के चार इमारती लट्ठे पाए गए, जिनके परिवहन के लिए आरोपियों के पास कोई वैध दस्तावेज या अनुमति नहीं थी।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सागौन की लकड़ी छिंदिया जंगल से काटकर सिंगतपुर ले जाई जा रही थी। जब्त लकड़ी का कुल आयतन 0.580 घन मीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 47,826 रुपये आंकी गई है। वहीं, जब्त पिकअप वाहन की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह जब्त लकड़ी और वाहन की कुल कीमत लगभग 2,47,826 रुपये है।

वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 33 और 52, छत्तीसगढ़ वनोपज व्यापार विनियमन अधिनियम, 1969 की धारा 5, 15 और 16 तथा छत्तीसगढ़ काष्ठ चिरान अधिनियम, 1984 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि अवैध कटाई और लकड़ी के परिवहन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा लकड़ी को किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जंगलों में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Chhattisgarh