कोरबा में भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, कई घायल

कोरबा में भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, कई घायल

कोरबा(अमर छत्तीसगढ़) 3 अगस्त । जिले के कटघोरा क्षेत्र में सोमवार को सेनानी पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर से कोरबा आ रही यात्रियों से भरी यादव बस और एक बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। इनमें आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बोलेरो में चार लोग सवार थे, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण दोनों वाहनों को पर्याप्त जगह नहीं मिल पाई, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासन की टीम क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराने में जुटी रही। फिलहाल सभी घायलों का उपचार कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Chhattisgarh