दो सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे पटवारी : पदोन्नति और वेतन विसंगति दूर करने की उठाई मांग

दो सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे पटवारी : पदोन्नति और वेतन विसंगति दूर करने की उठाई मांग

बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ़) 3 अगस्त । छत्तीसगढ़ में अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर सोमवार को प्रदेशभर के पटवारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। इसी कड़ी में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पटवारियों ने जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में धरना-प्रदर्शन कर शासन का ध्यान अपनी लंबित मांगों की ओर आकर्षित किया।

प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने राजस्व निरीक्षक (आरआई) और नायब तहसीलदार के पदों पर पदोन्नति में वरिष्ठता एवं विभागीय परीक्षा के आधार पर 50-50 प्रतिशत पद निर्धारित करने तथा वेतन विसंगति दूर करने की मांग की।

पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में राजस्व निरीक्षकों के कई पद लंबे समय से रिक्त हैं, लेकिन इसके बावजूद वर्ष 2013 के बाद से पटवारियों को पदोन्नति नहीं मिली है। इससे कर्मचारियों में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय अनुभव और वरिष्ठता को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।

संघ ने यह भी कहा कि वर्तमान वेतनमान में व्याप्त विसंगतियों के कारण पटवारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसलिए सरकार से वेतन संबंधी असमानताओं को जल्द दूर करने की मांग की गई है।

पटवारी संघ के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रांतीय स्तर पर बैठक कर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल एक दिवसीय हड़ताल के माध्यम से शासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

Chhattisgarh