राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 20 अगस्त । छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ हॉकी के पदाधिकारियों ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की हॉकी में गौरवशाली परंपरा रही है और प्रदेश के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। ऐसे में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन प्रदेश में हॉकी के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे प्रदेश में हॉकी की नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और खेल का व्यापक स्तर पर विस्तार होगा।
छत्तीसगढ़ हॉकी के पदाधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए प्रदेश सरकार एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग एवं मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी तथा खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध होंगे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष श्फिरोज़ अंसारी, महासचिव मनीष श्रीवास्तव, जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के सचिव श्शिवनारायण धकेता, भूषण साव, नीलमचंद जैन, अनुराज श्रीवास्तव, अमिताभ मानिकपुरी, राकेश टोप्पो, रश्मि संध्या एक्का,धनीराम यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं हॉकी से जुड़े सदस्य उपस्थित थे।

