दादी प्रकाशमणि जी को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

दादी प्रकाशमणि जी को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 25 अगस्त ।- ब्रह्माकुमारीज़ की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वी पुण्य स्मृति में25अगस्त मंगलवार को ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र ज्ञान मानसरोवर एवं वरदान भवन में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सेवाकेंद्र संचालिका पुष्पा दीदी, सुषमा दीदी, प्रभा दीदी, रंभा दीदी सहित अनेक ब्रह्माकुमारी बहनें तथा ब्रह्माकुमार भाई उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सभी ने दादी प्रकाशमणि जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके महान व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति किए गए आध्यात्मिक योगदान को स्मरण किया। वातावरण में दादी जी की स्मृतियों के प्रति श्रद्धा और भावुकता स्पष्ट दिखाई दी।

इस अवसर पर पुष्पा दीदी ने दादी प्रकाशमणि जी के जीवन की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दादी जी सादगी, विनम्रता, त्याग, तपस्या और प्रेम की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने अपने जीवन से लाखों लोगों को राजयोग, सकारात्मक चिंतन और आध्यात्मिक मूल्यों की प्रेरणा दी। दादी जी ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था को विश्वभर में विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सभी को आत्मिक शक्ति एवं श्रेष्ठ जीवन जीने का संदेश दिया।

सभा में उपस्थित भाई-बहनों ने दादी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा का समापन दादी जी की आत्मिक शांति एवं उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने की भावना के साथ हुआ।

Chhattisgarh