जोधपुर राजस्थान (अमर छत्तीसगढ़) 3 सितंबर । जैन समाज के पवित्र पर्वाधिराज पर्युषण महापर्व के ओलोअवसर पर श्री राज राजेश्वरी पार्श्व पद्मावती नवकार धाम, नार-नाड़ी, जोधपुर में आठ दिवसीय विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन किया जाएगा। आयोजन 8 से 15 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 से 4 बजे तक आयोजित होगा।
आयोजन के दौरान विश्व वंदनीय ‘नमस्कार महामंत्र’ का सामूहिक जाप किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार जाप के पश्चात जरूरतमंद परिवारों को प्रभावना स्वरूप घरेलू सामान एवं राशन उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल के माध्यम से धार्मिक साधना के साथ सेवा, दान और करुणा की भावना को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
अष्ट प्रकार की पूजा एवं स्नात्र महोत्सव विशेष आकर्षण
पर्युषण महापर्व के पावन प्रसंग पर परमात्मा की अष्ट प्रकार की पूजा एवं स्नात्र महोत्सव का आयोजन भी रखा गया है। अष्ट प्रकार की पूजा में जल, चंदन, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य, फल एवं अक्षत अर्पित किए जाएंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से इस पुण्य अवसर में सहभागी बनने और धार्मिक अनुष्ठानों का लाभ लेने का आह्वान किया है।
आयोजन से जुड़े संदेश में कहा गया है कि पर्युषण आत्मशुद्धि, संयम, तप, त्याग और सद्भावना का पर्व है। ऐसे अवसर पर धार्मिक आराधना के साथ जरूरतमंदों की सेवा समाज में आध्यात्मिक चेतना को और मजबूत करती है।

संतों के मार्गदर्शन में होगा आयोजन
आयोजन में परम पूज्य श्रद्धेय लाभ रुचि जी महाराज साहेब, संस्थापक नवकार धाम जोधपुर, का पावन निश्रा एवं आशीर्वाद रहेगा। वहीं मुनि श्री मेधांश जी के मार्गदर्शन में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे।
आयोजक श्री राज राजेश्वरी पार्श्व पद्मावती नवकार धाम, नार-नाड़ी, जोधपुर ने श्रद्धालुओं एवं भाविकों से पर्युषण महापर्व के इन पावन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की है।


