रायपुर (अमर छत्तीसगढ़) 7 सितंबर ।
खरतरगच्छाधिपति आचार्य भगवंत श्री जिनमणि प्रभ सूरीश्वर जी म सा द्वारा प्रतिष्ठित श्री सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व चमत्कारी श्री जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी में पर्वाधिराज पर्युषण महापर्व 8 से 15 सितम्बर तक धूमधाम से मनाया जाएगा ।
श्री सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने बताया कि प्रतिदिन रात्री 8 . 15 बजे से दादागुरुदेव इक्तिसा जाप व प्रभु भक्ति महोत्सव में छत्तीसगढ़ के ख्यातिनाम जैन भजन गायक व मण्डल प्रस्तुति देंगे ।
श्री पर्युषण पर्व के प्रथम दिवस सुप्रसिद्ध जैन भजन ग्रुप विरति मण्डल , भैरव सोसायटी स्थित जिनमंदिर में भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे । प्रथम दिवस की प्रभुभक्ति के लाभार्थी मूलचंद संतोष सरला बैद परिवार हैं ।
पर्युषण पर्व के अवसर पर प्रातः 5 बजे मंदिर जी के पट खोले जाएंगे , परमात्मा के जन्मकल्याणक की स्नात्र पूजा , अष्टप्रकारी पूजा , परमात्मा की नवांगी पूजा , चैत्यवन्दन होगा । विश्व में एकमात्र जैन धर्म में ही कोई भी श्रावक श्राविका प्रभु परमात्मा के मूल गंभारे में जाकर मूर्ति को स्पर्श कर पूजन कर सकता है ।
दोपहर में श्री सीमंधर महिला मण्डल , विमल महिला मण्डल व भैरव सोसायटी श्रीसंघ के भक्तों द्वारा परमात्मा व दादागुरुदेव की मूर्तियों की आंगी सजावट की जावेगी । रात्रि में 8 . 15 बजे से प्रभु भक्ति व दादागुरुदेव इक्तिसा जाप होगा । आरती व मंगल दिवा पश्चात जिनमंदिर के पट मंगल होंगे ।
आज से प्रतिदिन वर्तमान काल में महाविदेह क्षेत्र में विराजमान श्री सीमंधर स्वामी की प्रतिमा , श्री सुमति नाथ जी , श्री पार्श्वनाथ जी , श्री महावीर स्वामी , गौतम स्वामी जी व चारों दादागुरुदेव की प्रतिमाओं की मनमोहक आंगी बनाई जावेगी ।

