जोधपुर राजस्थान (अमर छत्तीसगढ़) 8 सितंबर । जैन धर्म के पावन एवं आत्मशुद्धि के महापर्व पर्युषण पर्व का शुभारंभ मंगलवार को नवकार धाम, जोधपुर में आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ।
नवकार धाम के संस्थापक मुनिश्री लाभरूचि जी महाराज साहब एवं मुनिश्री मेधांश कुमार जी महाराज साहब के पावन सान्निध्य में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पर्युषण पर्व के प्रथम दिन प्रातःकालीन सत्र में स्नात्र पूजा का आयोजन विधि-विधान एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने परमात्मा की आराधना कर सुख, शांति एवं आत्मकल्याण की कामना की।
वहीं, मध्यान्ह में नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप का आयोजन हुआ। महामंत्र की मंगलमय ध्वनि से नवकार धाम का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। श्रद्धालुओं ने एकाग्रचित्त होकर नवकार महामंत्र का जाप करते हुए आत्मशुद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नार-नाड़ी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से आए बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य एवं भक्तिमय बना दिया।

मुनिश्री के सान्निध्य में पर्युषण पर्व के दौरान आत्मचिंतन, संयम, तप, स्वाध्याय एवं धर्माराधना के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं में पर्युषण पर्व को लेकर विशेष उत्साह एवं आध्यात्मिक उमंग देखने को मिली।
पर्युषण महापर्व का यह शुभारंभ नवकार धाम में धर्म, भक्ति और आत्मसाधना का अनुपम संदेश लेकर आया।
नवकार धाम के तरफ से घरेलू उपयोगी चीजों की प्रभावना दी गई।

