राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 23 जून। शिक्षा, खेल, संस्कृति के क्षेत्र में अग्रणी संस्था युगांतर पब्लिक स्कूल में कक्षा ग्यारहवीं वाणिज्य के नव प्रवेशी विद्यार्थियों के जागरूकता और वाक कौशल पर विशेष जोर देते एक प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मौलिक वाक कौशल से सुसज्जित करना और उन्हें अर्थशास्त्र, प्रबंधन, विधि, तथा व्यावसायिक क्षेत्रों जैसे IPMAT, CA, ACCA, CS, CMA, CFA आदि में उपलब्ध कॅरियर विकल्पों से अवगत कराना था।
इस संदर्भ में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक वाणिज्य के विभागाध्यक्ष तरूण कुमार महापात्र , अंग्रेजी की विभागाध्यक्ष कंचन सोहल, पीजीटी कॉमर्स दीप्ति बिंदल, रिंकी भारद्वाज ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
उन्होंने प्रारंभिक कॅरियर योजना, आत्मविश्वास और स्पष्ट शैक्षणिक लक्ष्य निर्धारण करने की आवश्यकता पर बल दिया।विद्यार्थियों को किताबों से परे जाकर सॉफ्ट स्किल्स और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्राचार्य मधुसूदन नायर ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा आज के विद्यार्थियों को सशक्त करना, कल के नेतृत्व और भविष्य को सुन्दर आकार देना है। युगांतर ने इस कार्यक्रम के जरिये विद्यार्थियों को सशक्त, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। यह इंडक्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों की अकेडमिक और सुनहरे कॅरियर निर्माण की यात्रा में एक सशक्त शुरुआत सिद्ध होगा।

