कांकेर(अमर छत्तीसगढ) 2 जुलाई। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिला जेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां महिला प्रहरियों और अन्य कर्मचारियों ने जेल प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महिला जेल प्रहरियों ने कांकेर कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए सहायक जेल अधीक्षक रेणु ध्रुव पर मानसिक और कार्यस्थल पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि रेणु ध्रुव और उनके पति बालकृष्णा चिन्ना द्वारा कैदियों के परिजनों से अवैध वसूली की जाती है। आरोप है कि, मोटी रकम लेकर कैदियों को उनके परिजनों से मिलने, उन्हें खाना, मोबाइल फोन जैसी सुविधाएं देने की छूट दी जाती है।

इतना ही नहीं, आरोपों के मुताबिक रेणु ध्रुव के पति, जो जेल स्टाफ का हिस्सा नहीं हैं, फिर भी जेल परिसर में घुसकर दबाव बनाते हैं और कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करते हैं। इस पूरे मामले के उजागर होने के बाद कांकेर जेल प्रशासन सुर्खियों में आ गया है।

