ऐसी योग्यता पैदा करें कि हम लोगों के पथ प्रदर्शक बनें – मुनि वीरभद्र

ऐसी योग्यता पैदा करें कि हम लोगों के पथ प्रदर्शक बनें – मुनि वीरभद्र

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़);6 अगस्त। श्री विनय कुशल मुनि के सुशिष्य एवं 171 दिन तक उपवास का रिकॉर्ड बनाने वाले जैन मुनि वीरभद्र (विराग) जी ने आज यहां कहा कि परमात्मा के प्रति हमें पूर्णत: समर्पित होना चाहिए। हम किस कैटेगरी के हैं, यह हमें ही तय करना होगा और साधना का मार्ग अपनाकर समाधि प्राप्त करनी होगी। हमें अपने भीतर वह योग्यता पैदा करनी होगी कि हम लोगों का पथ प्रदर्शक बन सके।
जैन बगीचे के नए हाल में चल रहे वीरभद्र (विराग) मुनि के प्रवचन को सुनने प्रतिदिन बाहर से भी लोग आ रहे हैं। मुनि वीरभद्र (विराग) ज़ी ने कहा कि हमें विवेक से शब्दों का चयन कर बोलना चाहिए। हमारे मुंह से निकला वाक्य वापस नहीं लौट सकता।

उन्होंने कहा कि हम कोई भी नई चीज देखते हैं तो उसके प्रति हमारा आकर्षण बढ़ जाता है और हम उसे और अच्छी तरह से देखना व जानना चाहते हैं। दरअसल यह मनुष्य की जिज्ञासा प्रवृत्ति है जो उस नई चीज के तह तक जाने की इच्छा रखती है। जब तक हम उसके बारे में पूरी तरह जान ना लें, तब तक हमारी जिज्ञासा बनी रहती है।


मुनि वीरभद्र (विराग) ज़ी ने कहा कि हर व्यक्ति दूसरे के कैलकुलेशन में लगा रहता है जबकि खुद का कैलकुलेशन वह करता नहीं है। बेहतर होता कि वह खुद का कैलकुलेशन कर अपने गुणों में सुधार लाता। उन्होंने कहा कि हम किसी के साथ कुछ दिन रहते हैं तो उससे आत्मीयता जुड़ जाती है, जिस तरह हम ट्रेन के एक कंपार्टमेंट में बैठे होते हैं तो सामने वाले व्यक्ति से हमारा आत्मीय लगाव हो जाता है।

उसे व्यक्ति का गंतव्य स्टेशन आने पर वह बोगी से उतर जाता है तो इसका मतलब यह नहीं कि हमारी आंखों से आंसू निकले, बल्कि हम यह तो जानते थे कि उसका स्टेशन आ गया है तो वह उतरेगा ही, इसलिए उसे खुशी-खुशी विदा करते हैं। मुनि श्री ने कहा कि ठीक इसी तरह यह जीव भी है जो एक कंपार्टमेंट में है और स्टेशन आने पर वह कंपार्टमेंट से बाहर चला जाएगा।


मुनि श्री वीरभद्र (विराग) जी ने कहा कि चातुर्मास किसके लिए है? हम एक घंटा भी अपनी दुकान से राग नहीं हटा पा रहे हैं! हम जो कुछ कर रहे हैं अपने लिए कर रहे हैं। हम यहां आते हैं तो सर्व मंगल की कामना लिए आते हैं। 1 घंटे का समय राग – द्वेष छोड़कर साधना के लिए दें और आत्म कल्याण का मार्ग प्रशस्त करें।

उन्होंने कहा कि अपने अंदर ऐसी योग्यता पैदा करें कि हम भी कई लोगों के आत्म कल्याण के मार्ग के पथ प्रदर्शक बने। हमें अनंत काल के लिए सुखी रहना है तो अपने अंदर के गुणों को सुधारें और समाधि प्राप्त करने के लिए पुरुषार्थ करें।

Chhattisgarh