बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 30 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ED ने गुरूवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। शहर के जाने-माने सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से शहर के व्यापारिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ED की 10 से ज्यादा अधिकारियों की टीम ने तड़के ही कारोबारी विवेक अग्रवाल के निवास पर दबिश दी। इसके साथ ही टीम शहर के मध्यनगरी चौक स्थित उनकी ज्वेलरी दुकान श्रीराम ज्वेलर्स भी पहुंची, जहां दस्तावेजों और लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।
विवेक अग्रवाल बिलासपुर के बड़े सर्राफा कारोबारियों में गिने जाते है। बताया जा रहा है कि, यह कार्रवाई उनके भाई विकास अग्रवाल से जुड़े शराब घोटाले के तार सामने आने के बाद की गई है।
विकास अग्रवाल फिलहाल इस मामले में फरार बताया जा रहा है।बता दें कि, विकास अग्रवाल पर करीब 2000 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में शामिल होने का आरोप है। उसे इस घोटाले के सिंडिकेट का अहम सदस्य माना जा रहा है।
साथ ही, उसका नाम कथित तौर पर इस पूरे नेटवर्क के मुख्य किरदार अनवर ढेबर के करीबी सहयोगियों में भी सामने आया है।फिलहाल ED की टीम दोनों ठिकानों पर दस्तावेज खंगाल रही है और आगे की जांच जारी है।

