दुर्ग में लेडी हेड कॉन्स्टेबल की दबंगई : मामूली बहस पर महिला की पिटाई, पीड़िता ने की कार्रवाई की मांग

दुर्ग में लेडी हेड कॉन्स्टेबल की दबंगई : मामूली बहस पर महिला की पिटाई, पीड़िता ने की कार्रवाई की मांग

दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 30 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला और लेडी हेड कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

आरोप है कि पुलिसकर्मी ने महिला को थप्पड़ मारने के बाद उसके साथ बाल खींचकर मारपीट की, वहीं महिला की मां को भी नहीं बख्शा गया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है और विवाद की जड़ एक ज्वेलरी शॉप में पैसों का लेन-देन है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता जया गाड़े 19 अप्रैल को अपनी मां के साथ सहेली ज्वेलर्स पहुंची थीं, जहां उन्होंने पहले दिए गए एडवांस के 50 हजार रुपये वापस मांगे। बताया जा रहा है कि उन्होंने 15 अप्रैल को गहने बनवाने के लिए ऑर्डर दिया था, लेकिन बाद में उसे रद्द कर दिया।

आरोप है कि दुकान संचालक ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और पुलिस को बुला लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।घटना के दौरान जया गाड़े और दुकान के स्टाफ के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

पीड़िता का आरोप है कि मौके पर पहुंची महिला हेड कॉन्स्टेबल लता सुमन साहू ने बिना स्थिति को समझे उनके साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारा और बाल पकड़कर घसीटा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई।

पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि पुलिस ने उसकी शिकायत सुनने के बजाय उसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और थाने के अंदर भी उसके साथ मारपीट की गई। उसने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत पर आरोप लगाया है कि उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की और उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया।

पूरे मामले को लेकर महिला ने दुर्ग के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से शिकायत की है और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Chhattisgarh