रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 20 अगस्त। छत्तीसगढ़ में लंबे समय के इंतजार के बाद आख़िरकार बुधवार को साय कैबिनेट का विस्तार हो गया। इस दौरान मंत्रिमंडल में तीन विधायक गुरु खुशवंत साहेब, गजेन्द्र यादव और राजेश अग्रवाल शामिल हो गए हैं।
इस प्रकार से अब छत्तीसगढ़ में भी 14 मंत्रियों की टीम बन गई है। भाजपा ने तीन विधायकों को मंत्री बनाकर जातिगत संतुलन को साधने का काम किया है।

डिप्टी सीएम शर्मा बोले- युवा और नए चेहरों को मिला अवसर
मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा का बयान सामने आया है। शर्मा ने कहा- नए मंत्री हैं नया चेहरा है जोश और उमंग के साथ कार्य करेंगे। राज्य के सभी क्षेत्रों को ध्यान में रखकर भाजपा ने यह निर्णय लिया है। निश्चित रूप से सभी क्षेत्र का विकास होगा। यह एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। शर्मा ने आगे कहा- भाजपा में युवाओं और नए चेहरों के लिए बहुत अवसर हैं।

सीएम के नेतृत्व में करेंगे काम- मंत्री गजेन्द्र
मंत्री पद की शपथ लेने के बाद गजेन्द्र यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हम बेहतर कार्य करेंगे। दुर्ग संभाग के साथ ही पुरे राज्य के विकास को लेकर काम करेंगे।
वहीं मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा- मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मेरे शुभचिंतकों को आभार व्यक्त करते हूं। मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी उसका निर्वहन करूँगा।

