राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 24 अगस्त ।- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय राजनांदगांव द्वारा संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी के 18वीं पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन ब्रह्माकुमारीज के नए भवन ज्ञान मानसरोवर में किया गया ।
इस अवसर पर श्रद्धेय दादी प्रकाशमणि जी को उनके 18वीं पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई । इसके पश्चात रक्तदान शिविर का दीप प्रज्वलित कर उदघाटन हुआ ।

उद्घाटन अवसर संस्था के स्थानीय संचालिका ब्रह्माकुमारी पुष्पा बहन जी ने दादी जी के महान कर्मों को याद करते हुए उनके मानवता के प्रति पवित्र भावना से सबको अवगत कराया । साथ ही आज के रक्तदान शिविर के सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानव को मानव की सेवा में सदा तत्पर रहना चाहिए सब मनुष्य मात्र को सुख देकर दुवाएं कमाना चाहिए यही दादी जी का मूलमंत्र था ।
मानवता की रक्षा के लिए यदि हमें अपने रक्त का दान करना पड़े तो इसे अपना सौभाग्य समझना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के आसंदी से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भ्राता एन आर नवरतन जी ने संस्था के इस प्रयास की भूरी भूरी प्रशंसा की और कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य है इसे हम सबको करना चाहिए ।

कोई भी व्यक्ति रक्त की कमी से न मरे यह हमारी जवाबदेही होनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि भ्राता डाक्टर नरेंद्र गांधी जी ने कहा कि इस संस्था को मै 1988 से जनता हूं मानवता के सेवा के लिए किए जाने वाला इनका कार्य सदैव अद्वितीय रहता है।
रक्तदान करने से हम एक साथ तीन लोगों का जान बचाते है इसके साथ ही और भी कई लाभ होते है। पार्षद भ्राता डूरेंद्र साहू जी और समाजसेवी भ्राता वाधवा जी ने भी अपनी शुभकामनाएं इस अवसर पर व्यक्त की ।
कार्यक्रम का सरस संचालन ब्रह्माकुमारी रंभा बहन जी ने किया । एवं ब्रह्माकुमार मुरलीधर सोमानी भाई जी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भ्राता मोरध्वज साहू एवं लक्ष्मीकांत पाल ने रक्तदान पर आधारित बहुत सुंदर गीत प्रस्तुत किया ।
यह शिविर प्रातः 10 बजे प्रारंभ हुआ और 4 बजे तक चला इस दौरान 100 से भी अधिक ब्रह्माकुमार भाई बहनों ने अपना रक्तदान किया।

