क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने के लिए किया गया सम्मानित

क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने के लिए किया गया सम्मानित


राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) , 29 अगस्त 2025
आदिवासी बहुल मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चैकी जिले के मानपुर विकासखण्ड के सुदूर वनांचल के ग्राम मुंजाल के प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक श्री अंगद सलामे को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए कलिंगा यूनिवर्सिटी रायपुर द्वारा उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि शिक्षक श्री सलामे को विगत 22 अगस्त को कलिंगा यूनिवर्सिटी रायपुर के आॅडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान उनके नवाचार, अपने कार्य के प्रति समर्पण, प्रतिबद्धता एवं कठिन परिस्थितियों में शिक्षा के प्रचार-प्रसार हेतु उन्हें प्रदान किया गया है।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के संस्थापक व महासचिव श्री आर्यवीर आर्य तथा युनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी द्वारा शिक्षक श्री सलामे को शॉल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

ज्ञातव्य हो कि शिक्षक श्री सलामें को पूर्व में राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार तथा शिक्षा दुत मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण, राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान एवं सावित्री बाई फुले शिक्षक सम्मान आदि राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के अनेक सम्मानों से भी नवाजा जा चुके हैं।

शिक्षक सलामे बीते कई वर्षों से नक्सल हिंसा प्रभावित क्षेत्र में न केवल बच्चों को स्कूल से जोड़ने, बल्कि अभिभावकों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।

श्री अंगद सलामे के निरंतर उपलब्धि पर वनांचल में सर्वस्व हर्ष व्याप्त है। उनके मित्रों, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित आदिवासी समाज के लोगों तथा उनके शुभचिंतकों में श्री सलामे की उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

Chhattisgarh