एजुकेशन सिटी जावंगा में 29 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का होगा आयोजन

एजुकेशन सिटी जावंगा में 29 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का होगा आयोजन

गीदम/दंतेवाड़ा(अमर छत्तीसगढ़) 22 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ राज्य शासन के निर्देशानुसार युवाओं को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से युवा उत्सव कार्यक्रम का हर वर्ष संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव आईएएस के मार्गदर्शन में 29 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग दंतेवाड़ा के द्वारा किया जाएगा।

एम. भार्गव आईएएस मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत व जिला खेल अधिकारी ने बताया कि युवा उत्सव में भाग लेने हेतु इच्छुक प्रतिभागी 28 अक्टूबर 2026 समय संध्या 05:00 बजे तक अपना पंजीयन करा सकते है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:00 बजे से ऑडिटोरियम, एजुकेशन सिटी जावंगा, गीदम एवं अन्य विधा आस्था विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल जावंगा, गीदम में आयोजित किया जाएगा।

जिला स्तरीय युवा उत्सव में सम्मिलित प्रतिभागियों की आयुवर्ग 17 अगस्त 2026 के स्थिति में 15 से 29 वर्ष एवं संगतकार की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित किया गया है। इच्छुक प्रतिभागी एवं दल पंजीयन फार्म फोटोग्राफ्स एवं आवश्यक दस्तावेज संबंधित विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं कार्यालय जिला खेल अधिकारी दंतेवाड़ा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग दन्तेवाड़ा में उपस्थित होकर कार्यालयीन समय में अपना पंजीयन “माय भारत पोर्टल” में करा कर जमा कर सकते है, या स्वयं भी “माय भारत पोर्टल” में पंजीयन कर सकते है।

जिला स्तरीय युवा महोत्सव में लोकनृत्य (समूह), लोग गीत (समूह), चित्रकला, कविता लेखन, पारंपरिक वेषभूषा, विकसित भारत चैलेंज ट्रेक, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज विधाएं सम्मिलित होगी। लोकनृत्य एवं लोकगीत एक दल में सदस्यों की संख्या 06 से 10 होगी साथ में 03 संगतकार अतिरिक्त होगें। एक दल में पुरूष, महिला अथवा दोनों सम्मिलित हो सकते है।

लोकगीत किसी भी भारतीय क्षेत्रीय भाषा में प्रस्तुत किया जा सकता है। फिल्मी गीत मान्य नहीं होगी। चित्रकला का विषय नशा मुक्त युवा अथवा युवाओं के लिए स्वस्थ्य जीवनशैली होगा। प्रदर्शन किसी विशेष संस्था अथवा ब्रांड को प्रदर्शित करने वाला न हो। लेखन हिन्दी, अंग्रेजी एवं भारतीय क्षेत्रीय भाषा में प्रस्तुत किया जा सकता है।

कविता हिंसात्मक, अपराधिक, आपत्तिजनक तथा अनुचित ना हो। कविता में जाति, धर्म, नस्ल, रंग आदि का भेदभाव न हो। पारम्परिक वेशभूषा (विविध वेशभूषा ) में विधा के अन्तर्गत छत्तीसगढ़ की वेशभूषा का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिभागी अपने साज-सज्जा की सामग्री स्वयं लायेंगे। विकसित भारत चैलेंज ट्रेक एक दल में सदस्यों की संख्या 03 होगी, एक दल में पुरूष, महिला अथवा दोनों सम्मिलित हो सकते है।

इसके अन्तर्गत ऑनलाइन निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित होगा। प्रतिभागियों को जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन और समावेशी विकास जैसे विषयों पर 500 शब्दों में निबंध लिखना होगा। नुक्कड़ नाटक एक दल में सदस्यों की संख्या 06 से 10 होगी। क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज के अन्तर्गत प्रतिभागियों को ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित छत्तीसगढ़’ विषय पर अधिकतम 60 सेकंड की रील बनाना होगा।

एक प्रतिभागी किसी भी स्तर के प्रतिस्पर्धा हेतु केवल एक विधा में भाग ले सकेंग, एक से अधिक विधाओं में सम्मिलित नहीं हो सकते। आयु के संबंध में संबंधित प्रतिभागियों को जन्म तिथि के संबंध में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना होगा।

जिला स्तर से चयनित एवं विजेता प्रतिभागी ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होगें। उक्त आयोजन में निर्णायक का निर्णय सर्वमान्य होगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 के आयोजन से संबंधित विधाओं के नियम-निर्देश एवं अन्य विस्तृत जानकारी हेतु जिला कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग दन्तेवाड़ा के मोबाईल नम्बर 9424279086, 6264255133, 6260483514 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त किया जा सकता है।

Chhattisgarh