राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 3 सितंबर । देश के सुप्रसिद्ध गायक प्रमोद त्रिपाठी आज सदर बाजार में मित्र मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे। प्रमोद सारेगामापा में प्रतियोगी रह चुके हैं। उनके कई भजन काफी लोकप्रिय हैं। यह कार्यक्रम गुरुवार की रात 7.30 बजे सदर बाजार में ही आयोजित होगा। पदाधिकारियों ने बताया कि, इस आयोजन की तैयारियां अंतिम चरणों में है।
समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि, आठ वर्षों से सदर बाजार में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। पहले ही वर्ष से यहां की प्रतिमा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही है। इस बार यहां सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है जो कि 15 फीट की है। इसे थनौद के मूर्तिकार राधे चक्रधारी ने तैयार किया है। साथ ही पंडाल की सजावट प्राचीन हिंदू मंदिरों की तर्ज पर की गई है।
मित्र मंडल की विशेषता है कि, समिति द्वारा भगवान गणेश की उपासना के पूरे 11 दिनों तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। बीते 29 अगस्त को यहां आस्था मूक बधिर संस्था के दिव्यांग बच्चों द्वारा भगवान की पूजन-आरती की गई। इसके बाद भंडारे में प्रसादी वितरण के बाद समिति की ओर से बच्चों को उपहार प्रदान किए गए।
इससे पूर्व 27 अगस्त को स्थापना अनुष्ठान के बाद गंगा आरती की गई। इस दौरान सांस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 31 अगस्त को भजनों की संगीतमय प्रस्तुति दी गई। 1 सितंबर को नवमी तिथि पर भगवान गणपति की महाआरती गई।
गणपति को छप्पन भोग भी निवेदित किए गए। दुर्ग की प्रसिद्ध धुमाल पार्टी नाना साहेब ने अपनी प्रस्तुतति दी। समिति ने जानकारी दी कि, 11 दिनों तक यहां नित्य भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रसाद में अलग-अलग व्यंजनों का भोग लगाए जाने के बाद 6 से 7 हजार श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

