फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी गिरफ्तार : ड्रग का केस रफा-दफा करने के नाम ऐंठे 5 लाख रुपये, पुलिस कर्मियों समेत कई लोगों से की 30 लाख की वसूली

फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी गिरफ्तार : ड्रग का केस रफा-दफा करने के नाम ऐंठे 5 लाख रुपये, पुलिस कर्मियों समेत कई लोगों से की 30 लाख की वसूली

रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 3 सितंबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की ड्रग्स क्वीन नव्या मलिक की गिरफ्तारी के बाद ड्रग्स मामले में कई बड़े कारोबारी पुलिस की रडार पर हैं। वहीं खुद को फर्जी अफसर बताकर वसूली करने वाला गैंग भी सक्रिय हो गया है।

पुलिस ने फर्जी क्राइम ब्रांच का अफसर बताकर होटल कारोबारी से वसूली का प्रयास करने वाले आरोपी को धरदबोचा है। बताया जा रहा कि आरोपी आशीष घोष उर्फ आशीष शर्मा ASI, आरक्षक समेत महिला आरक्षकों को भी ब्लैकमेल करता था। उस पर 30 लाख रुपए की वसूली करने का आरोप है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी आशीष घोष उर्फ आशीष शर्मा ने खुद को फर्जी क्राइम ब्रांच का अफसर बताकर होटल कारोबारी से छोटे भाई का मामला रफादफा करने का झांसा देकर 5 लाख रुपए की डिमांड की थी। इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी आशीष घोष उर्फ आशीष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

आशीष घोष के कब्जे से EOW का फर्जी आईडी कार्ड समेत पुलिस की सायरन लगी कार जब्त की गई है। शातिर आरोपी से क्राइम ब्रांच की टीम पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा कि आरोपी आशीष अपनी कार में गंज थाने की सरकारी सील रखकर थाना प्रभारी का फर्जी हस्ताक्षर करता था और ASI, आरक्षक समेत महिला आरक्षकों को ब्लैकमेल करता था। आरोपी पर 30 लाख रुपए की वसूली का आरोप है। पुलिस जल्द पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।

Chhattisgarh