राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 9 सितंबर। छठवीं राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025 का आयोजन 11 से 14 सितंबर तक अग्रसेन भवन, सेक्टर-6, भिलाई में होगा। इस महोत्सव में देश के 32 राज्यों से 900 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आयोजन समिति का कहना है कि इसका मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की जनता को योग के प्रति जागरूक करना और योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल विधा के रूप में स्थापित करना है।
उद्घाटन समारोह 11 सितंबर को
उद्घाटन समारोह 11 सितंबर, गुरुवार सुबह 11 बजे होगा। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह, अध्यक्षता सांसद विजय बघेल, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे, विधायक रिकेश सेन, डॉ.जयदीप आर्य (हरियाणा योग आयोग अध्यक्ष), दुर्ग महापौर अलका बाघमार, धमतरी महापौर जगदीश रामूरोहरा, समाजसेवी एवं उद्योगपति विजय गुप्ता सहित कई गणमान्य जन शामिल होंगे।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन आईआईटी मद्रास द्वारा विकसित विशेष सॉफ्टवेयर पर आधारित होगा। निर्णायक प्रतिभागियों की सूक्ष्म गतिविधियाँ, शारीरिक संतुलन, संयम और एकाग्रता देख पाएंगे। महिला व पुरुष वर्ग में दो आयु समूह (18–28 व 29–35 वर्ष) में मुकाबले होंगे। कुल 12 इवेंट्स में 80 विशेषज्ञ निर्णायक शामिल रहेंगे।
समापन 14 सितंबर को
समापन समारोह 14 सितंबर, रविवार दोपहर 2 बजे होगा। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, अध्यक्षता सांसद विजय बघेल, विशिष्ट अतिथि सांसद संतोष पांडे, विधायक ललित चंद्राकर, योगासन भारत के अध्यक्ष उदित सेठ, उद्योगपति बहादुर अली, समाजसेवी बंसी अग्रवाल आदि होंगे।
एसोसिएशन अध्यक्ष गोस्वामी जयंत विष्णु भारती ने बताया कि आने वाले एशियाई खेल (जापान) में योग शामिल होगा। 2036 ओलंपिक में भी योग के शामिल होने की संभावना है। हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ ने योग में 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

आयोजन की सफलता के लिए अध्यक्ष जयंत भारती, महासचिव डॉ. मेजर सिंह, कोषाध्यक्ष भोजेंद्र साहू, सहसचिव शैलेन्द्र विशी, डोमेन्द्र देवांगन सहित संजय वस्त्रकार, ईश्वरी धीवर, मधुश्मित पांडा, सुमन भारती, खिलेंद्र साहू, आनंद सिंह व अन्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजन का मकसद केवल खेल नहीं, बल्कि युवाओं में योग के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली का प्रसार भी है। उक्त जानकारी जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत तिवारी एवम् सचिव लक्ष्मण लोहिया ने दी है।

