धे कत्ल की गुत्थी सुलझी : कमीशन विवाद में दोस्तों ने ही की हत्या, शव को जंगल में जलाया, 3 आरोपी गिरफ्तार और 2 अब भी फरार

धे कत्ल की गुत्थी सुलझी : कमीशन विवाद में दोस्तों ने ही की हत्या, शव को जंगल में जलाया, 3 आरोपी गिरफ्तार और 2 अब भी फरार

जशपुर(अमर छत्तीसगढ) 2 नवंबर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सिटी कोतवाली पुलिस ने पुराना नगर तुरीटोंगरी इलाके में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।

मामला 18 अक्टूबर का है, जब पुराना नगर तुरीटोंगरी क्षेत्र में एक अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। जांच में मृतक की पहचान सीटोंगा निवासी सीमित खाखा (28 वर्ष) के रूप में हुई। शव का अधिकांश हिस्सा जल चुका था, जिसे अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए आग के हवाले किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि सीमित खाखा अपने गांव के ही साथियों के साथ हजारीबाग (झारखंड) में काम करने गया था।

वहां से लौटने के बाद कमीशन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके चलते आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को तुरीटोंगरी के जंगल में गड्ढे में डालकर जला दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामजीत राम (25 वर्ष), वीरेन्द्र राम (24 वर्ष) और एक 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। तीनों सीटोंगा गांव के निवासी हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, लोहे की छड़ और कपड़े जब्त किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना की रात उन्होंने शराब पी रखी थी। इसी दौरान झगड़ा हुआ और गुस्से में पहले लोहे की छड़ से सिर पर वार किया गया, फिर चाकू से सीने पर हमला कर सीमित की हत्या कर दी।

पुलिस ने डमी के माध्यम से घटनास्थल पर रीक्रिएशन (पुनरावृत्ति) भी कराया। इस मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार वयस्क आरोपी रामजीत राम और वीरेन्द्र राम को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रोफेशनल तरीके से इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई है। फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।

Chhattisgarh