रायपुर / बीजापुर जिला(अमर छत्तीसगढ) 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला अस्पताल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद मरीजों की तबीयत बिगड़ गई। ऐसे 9 मरीजों को रायपुर के मेकाहारा में इलाज के लिए लाया गया है, जिनमें से 8 मरीजों की आंखों में इंफेक्शन है।
मेकाहारा अधीक्षक डॉक्टर संतोष सोनकर ने बताया कि बीजापुर जिला अस्पताल में मरीजों को मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था। इनमें से 9 मरीजों को इलाज के लिए मेकाहारा लाया गया है। 8 मरीजों की आँखों में भारी इन्फेक्शन है। कुछ मरीजों की आँखों में सूजन है, तो कुछ के आँख में पस आ गया है। इन मरीजों का फिर से ऑपरेशन किया जाएगा। फिलहाल, एंटीबायोटिक सहित अन्य दवा देकर संक्रमण कम करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।

