जशपुर में हाथियों का आतंक : दल से बिछड़े हाथी ने किया हमला, दादी की मौत पोती घायल

जशपुर में हाथियों का आतंक : दल से बिछड़े हाथी ने किया हमला, दादी की मौत पोती घायल

जशपुर(अमर छत्तीसगढ) 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कांसाबेल वन परिक्षेत्र के केनाडांड़ गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, गांव में भटके एक जंगली हाथी ने महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली, जबकि उसकी पोती गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतका अपनी पोती के साथ घर के पीछे बाड़ी में हाथी को देखने गई थी, तभी अचानक हाथी ने उन पर हमला कर दिया।

हाथी के हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं घायल पोती को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल पत्थलगांव अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के वक्त हाथी बेहद आक्रामक स्थिति में था और आसपास के खेतों में भी नुकसान पहुंचाया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह हाथी 27 हाथियों के दल से अलग होकर भटकते हुए रिहायशी इलाके में पहुंच गया था। पिछले कुछ दिनों से विभाग इस दल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। हादसे के बाद वन अमला गांव में तैनात किया गया है और हाथी को सुरक्षित दिशा में खदेड़ने की कार्रवाई जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृतका के परिजनों को 25,000 रुपये की राहत राशि प्रदान की। अधिकारियों ने बताया कि पूर्ण क्षतिपूर्ति राशि नियमानुसार दी जाएगी, साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों के करीब न जाएं और विभाग को तुरंत सूचना दें।

Chhattisgarh