दवा कारोबारी के घर FDA छापा : 50 लाख की नकली दवाएं जब्त, 3 कमरों से निकले 200 कार्टून

दवा कारोबारी के घर FDA छापा : 50 लाख की नकली दवाएं जब्त, 3 कमरों से निकले 200 कार्टून

रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 21 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले में नकली दवाओं के मामले में एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने सरस्वती मेडिकल स्टोर के संचालक खेमराज बानी के घर पर छापा मारा। 50 लाख रुपए की एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाइयां बरामद की गईं। दवाएं नकली हैं कि नहीं जांच की जा रही है।

रायपुर के साथ रायगढ़ के खाद्य निरीक्षकों की टीम ने सारंगढ़ के दवा कारोबारी खेमराम केसरवानी के निवास में छापेमारी की। केसरवानी ने अपनी दवा दुकान के अलावा मकान के पिछले हिस्से में बनाए गए गोदाम में लाखों रुपये की दवा डंप कर रखी थी। दवा के मामले में उसके पास खरीदी संबंधित कोई दस्तावेज नहीं थे और ना ही उसे सुरक्षित तरीके से रखा गया था।

जांच टीम ने इसे अवैध संग्रहण का मामला मानते हुए दवा कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई की है। उसकी दवा दुकान से कुछ दिन पहले भारी मात्रा में और दवा बरामद की गई थी, जिसका भी उसके पास कोई रिकार्ड नहीं है।

खेमराम गोगांव के ट्रांसपोर्ट में पकड़ी गई नकली दवा के मामले में भी संदिग्ध है। उसके मोबाइल पर ही संबंधित दवा की तस्वीर मिली थी, जिसे खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जब्त कर रखा है।

सूत्रों के मुताबिक संदेही दवा कारोबारी के मेडिकल स्टोर्स और गोगांव के ट्रांसपोर्ट में मिले बिल के संस्थान का नाम एक ही है। इस आधार पर जांच टीम अपने इंवेस्टीगेशन के तहत वहां तक पहुंची है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश पर रायपुर जिले के सहायक नियंत्रक संजय नेताम, टेकचंद धिरहे के साथ रायगढ़ के विजय राठौर और अंकित राठौर, सविता रानी साय की टीम ने छापा मारा था। नकली दवा के मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है, जो जांच के लिए इंदौर जाने वाली है।

Chhattisgarh