रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 28 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक चोर एक फ़्लैट में चोरी करने घुसा था। चोरी कर फ्लैट की बालकनी से उतर रहा था, इसी बीच उसकी मौत हो गई। सुबह जब फ़्लैट के मालिक घर लौटे तो, उन्हें घटना की जानकारी हुई। चोर की मौत की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। घटना मोवा थाना क्षेत्र के पंडरी की है। चोर का नाम फैजान बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पंडरी के दलदल सिवनी स्थित डाल्फीन प्लाजा के बी ब्लाॅक के मकान नंबर 301 में संदीप अपने परिवार के साथ रहते हैं। संदीप रियल इस्पात में सेल्स हेड है और बीते 15 नवंबर को पत्नी के साथ बाहर गये थे। इसी दौरान एक चोर उनके घर में घुसकर उनके कमरे में रखे बैग से 81 हजार नगदी, स्पीकर चोरी कर लिया था।
रात में जब वो अपने परिवार के साथ घर लौटा तो देखा कि घर के पास भीड़ लगी हुई थी और एक युवक उनकी बालकनी के नीचे मृत अवस्था में पड़ा था। संदीप ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस जांच में मृतक की पहचान फैजान के रूप में हुई है।
पुलिस आशंका जता रही है कि फैजान चोरी करने के लिए घुसा था और बालकानी से उतरने के दौरान उसकी गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पास से नगदी और एक इलेक्ट्रॉनिक स्पीकर को जब्त कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही इस पूरे मामले की पुलिस के द्वारा जाँच की जा रही है।

