दंतेवाड़ा(अमर छत्तीसगढ) 28 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 50 लाख की ठगी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो साल से फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और दंतेवाड़ा में ठगी की घटना को अंजाम दिये थे।
दरअसल, अरविन्द कुमार और विद्या कुमार नाम के व्यक्ति ने ठगी की घटना को अंजाम दिए थे। शिकायतकर्ता किरन्दुल निवासी के मुताबिक 2023 में उनके पास कॉल आया था। सामने वाले ने कहा कि आपका पार्सल आया है उसमें विदेशी मुद्रा है जिसे आपको प्राप्त करने के लिये कस्टम चार्ज लगेगा।
आरोपी ने सीबीआई चार्ज, इन्कम टैक्स लगेगा बोलकर एक माह में करीब 50 लाख रूपये की ठगी की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना किरन्दुल में अपराध क्रमांक 87/2023 धारा 420 भादवि, 66(D) आईटी एक्ट कायम कर जाँच में लिया गया।
दंतेवाडा सायबर सेल व किरन्दुल पुलिस ने 100 से ज्यादा अकाउंट के ट्रांजेक्शन का एनालिसिस कर साइबर फॉरेंसिक टूल्स का उपयोग कर आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इन्हें किया गया गिरफ्तार
(1) अरविन्द कुमार पिता दीपक चौधरी, उम्र 25 वर्ष निवासी बंगली कालोनी गली नंबर 03 छतौनी, थाना छतौनी, जिला- पूर्वी चम्पारण (बिहार) तथा
(2) विद्या कुमार पिता राजेन्द्र साहनी उम्र 23 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 12 शिवमंदिर के पास, जौकटिया, थाना मझौलिया, जब्कटिया, पश्चिम चम्पारण (बिहार)

