लोरमी(अमर छत्तीसगढ) 28 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के लोरमी के कोटा मार्ग पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम खपरखोल के पास यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात कोटा मार्ग पर ग्राम खपराखोल के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह बस मुस्लिम समाज के लोगों को चौथिया कार्यक्रम से वापस बिलासपुर से सेमरिया (लोरमी) लेकर आ रही थी।
हादसे के वक्त बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया।

हादसे में दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिनमें 35 वर्षीय अब्दुल हसीम और 17 वर्षीय जरीन खान शामिल हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद मुंगेली जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, अन्य मामूली घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
इस घटना की सूचना मिलते ही जूना पारा चौकी प्रभारी संजीव ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य संभाला। दुर्घटनाग्रस्त बस (क्रमांक CG 16 H 0109) को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

