“हेलमेट संगवारी” अभियान से जुड़े धर्मेंद्र साहू को “राहवीर सम्मान” से किया गया सम्मानित

“हेलमेट संगवारी” अभियान से जुड़े धर्मेंद्र साहू को “राहवीर सम्मान” से किया गया सम्मानित

रायपुर (अमर छत्तीसगढ) 24 जनवरी।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर “हेलमेट संगवारी” अभियान से जुड़े धर्मेंद्र साहू को सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए “राहवीर सम्मान” से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री केदार कश्यप एवं रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के करकमलों से प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सम्मान का मुख्य आधार धर्मेंद्र साहू द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूकता फैलाना, विशेषकर हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देना, तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल प्राथमिक सहायता दिलाते हुए अस्पताल पहुंचाने में निभाई गई अहम भूमिका रहा। उनके प्रयासों से कई दुर्घटना पीड़ितों को समय पर इलाज मिल सका, जिससे अनेक बहुमूल्य जिंदगियां बचाई जा सकीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने धर्मेंद्र साहू जैसे सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं और इनके कार्यों से आमजन में संवेदनशीलता व जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि “राहवीर सम्मान” उन नागरिकों के लिए है, जो मानवता की मिसाल पेश करते हुए दुर्घटनाग्रस्त लोगों की सहायता के लिए आगे आते हैं। धर्मेंद्र साहू का कार्य यह साबित करता है कि सही समय पर उठाया गया कदम किसी की जान बचा सकता है।

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी धर्मेंद्र साहू को बधाई देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयास युवाओं और आम नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

सम्मान प्राप्त करने के बाद धर्मेंद्र साहू ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ सड़क सुरक्षा के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और दुर्घटना के समय घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा से जुड़े संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थितजनों ने सुरक्षित यातायात और मानव जीवन की रक्षा के लिए सहयोग करने का संकल्प लिया।

Chhattisgarh