पांच दिन बाद नाले से जिंदा निकला इंसान : बंद नाले के अंदर से आवाज आने पर की खुदाई, जीवित देख हैरान हो गए लोग

पांच दिन बाद नाले से जिंदा निकला इंसान : बंद नाले के अंदर से आवाज आने पर की खुदाई, जीवित देख हैरान हो गए लोग

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ) 9 फरवरी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन के पास पुराने बस स्टैंड के पीछे भारत होजरी के पास रविवार सुबह एक बंद नाले के अंदर से अचानक आवाजें आने लगी। जिसके कारण आसपास के इलाके में सनसनी मच गई।

तलाशी के दौरान नाले के एक बहुत ही संकरे हिस्से से एक हाथ बाहर निकला हुआ दिखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। नाले के ऊपर का स्लैब हटाया गया और युवक को बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों की कड़ी कोशिशों के बाद आखिरकार JCB से स्लैब को तोड़वाकर युवक को बाहर निकाला गया, जिसे देखकर सब हैरान रह गए। बाहर निकाले गए युवक का नाम राम कुमार चौहान है और पिछले 5 दिन से उस अंधेरे और दम घुटने वाले नाले में फंसा हुआ था। होश में आने पर उस युवक ने बताया कि वह नशे में था और पारिवारिक झगड़े की वजह से परेशान था।

उसने दावा किया कि उसके पिता बिजली विभाग में काम करते थे और पिता की मौत के बाद उसकी तीन बहनों ने विरासत आपस में बांट ली थी। पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि यह सिर्फ एक हादसा था या किसी गहरी साजिश का हिस्सा।

पुलिस के लिए सबसे बड़ी पहेली यह है कि राम कुमार वहां कैसे पहुंचा, क्योंकि नाला महीनों से बंद है और अंदर जाने का कोई रास्ता नहीं दिख रहा है। वहीं दूसरा, क्या किसी ने उसे मारकर छिपाने के उद्देश्य से नाले के भीतर धकेला था?

क्योंकि बिना खाने-पीने के पांच दिन तक बंद नाले के अंदर जिंदा रहना किसी चमत्कार से कम नहीं है। इस मामले को जानकर हर कोई हैरान रह गया।

Chhattisgarh