राजनांदगाँव(अमर छत्तीसगढ) 15 फरवरी। सीबीएसई दसवीं बोर्ड की परीक्षाएँ आगामी 17 फरवरी तथा सीबीएसई 12 वीं बोर्ड की 18 फरवरी को प्रारंभ होंगी।
इस संबंध में सीबीएसई सिटी कोआर्डिनेटर मधुसूदन नायर ने बताया कि सीबीएसई ने राजनांदगाँव जिले में 7 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जिसमें 4 राजनांदगाँव सिटी, 2 डोंगरगढ़ तथा 1 खैरागढ़ सिटी में सम्मिलित हैं। उन्होंने आगे बताया कि सीबीएसई दसवीं बोर्ड में 1798 तथा बारहवीं बोर्ड में 1524 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की समयावधि प्रातः 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक होगी।
विद्यार्थियों को परीक्षा समयावधि के 40-50 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र में पहुँचना होगा, जिससे उन्हें ट्रेफिक की बाधाओं से आवागमन में परेशानी ना होवे और उनकी निर्धारित अवधि में फ्रिसकिंग की प्रकिया पूरी की जा सके। विद्यार्थियों को सुबह 10 बजे के पूर्व परीक्षा केंद्र में पहुँचना अनिवार्य है, अन्यथा उन्हें सीबीएसई के गाइड लाइन के अनुसार प्रवेश नहीं दिया जा सकेगा।
अनुचित साधनों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है, इसलिए विद्यार्थी परीक्षा केंद्र में पहुँचने के पूर्व अपनी जांच खुद करके यह इत्मिनान कर लेवे कि उनके पास कोई प्रतिबंधित वस्तु तो नहीं है। विद्यार्थी अपने साथ पारदर्शी पानी की बॉटल तथा पारदर्शी पाउच ही ला सकेंगे। वे सीबीएसई द्वारा जारी परीक्षा का प्रवेश पत्र, स्कूल युनीफॉर्म, स्कूल आई कार्ड के साथ परीक्षा केंद्र आएँगे।
विद्यार्थी और उनके पालक प्रवेश पत्र में दी गई गाइड लाइन को पढ़कर उनका परिपालन करें। उन्होंने सीबीएसई द्वारा निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों में अनुशासन की व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर टेबलो की बीच एक निश्चित अन्तराल रखने, प्रत्येक कक्ष कैमरे की व्यवस्था रखने के साथ-साथ परीक्षा केेंद्र मेें शुद्ध पेय जल और स्वच्छ प्रसाधन रखने का निर्देश दिया है, जिससे परीक्षा को संचालित करने में आसानी हो सके।
आगे उन्होंने सीबीएसई एक्जाम में शामिल होनेवाले सभी विद्यार्थियों और उनके पालकों के लिए शुभकामनाएँ भी प्रेषित की है।

