मठपारा ईदगाह में अदा की गई ईद की नमाज, अमन-चैन व भाईचारे की दुआ के साथ गूंजा एकता का संदेश… मधुसूदन यादव, बहादुर अली, हफीज खान सहित शहर के कई प्रतिष्ठित व्यक्ति हुए शामिल

मठपारा ईदगाह में अदा की गई ईद की नमाज, अमन-चैन व भाईचारे की दुआ के साथ गूंजा एकता का संदेश… मधुसूदन यादव, बहादुर अली, हफीज खान सहित शहर के कई प्रतिष्ठित व्यक्ति हुए शामिल

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 21 मार्च । शहर के मठपारा स्थित ईदगाह में आज ईद-उल-फितर का त्यौहार पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक परिधान में पहुंचे लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे क्षेत्र में भाईचारे और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
ईद की नमाज अदा करने के पश्चात देश की खुशहाली, तरक्की और अमन-चैन के लिए विशेष दुआ मांगी गई। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं व्यवसायी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शहर के महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ के प्रमुख उद्योगपति बहादुर अली तथा राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष व वरिष्ठ पार्षद हफीज खान को एक साथ देखा गया । सभी ने ईदगाह पहुंचकर नमाजियों से मुलाकात की और उन्हें ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं ।


कार्यक्रम के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नमाज शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

आयोजन के सफल संचालन में स्थानीय समिति और जमा मस्जिद के मुतवल्ली हाजी रईस अहमद शकील सहित समिति के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सभी ने सराहना की।


ईद के इस त्यौहार पर पूरे शहर में उल्लास का वातावरण रहा और लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर मिठाइयां खा कर त्योहार की खुशियां मनाई ।

Chhattisgarh