ऑनलाइन सट्टा का भंडाफोड़ : आईपीएल और लूडो के नाम पर चल रहा था करोड़ों खेल, सात आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन सट्टा का भंडाफोड़ : आईपीएल और लूडो के नाम पर चल रहा था करोड़ों खेल, सात आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 30 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह आईपीएल मैचों और ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए सट्टा लगवाता था और अलग-अलग राज्यों तक इसका नेटवर्क फैला हुआ था।

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सकरी थाना क्षेत्र की ओम स्पेस कॉलोनी में छापेमारी की। मौके से 7 लोगों को हिरासत में लिया गया, जो संगठित तरीके से ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 21 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, एटीएम कार्ड, पासबुक और एक क्रेटा कार (क्रमांक MP 18 ZB 8565) बरामद की है। जब्त किए गए उपकरणों से सट्टे के संचालन और लेनदेन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के मोबाइल और लैपटॉप में 2 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टा लेनदेन का रिकॉर्ड मौजूद है। इससे गिरोह के बड़े स्तर पर सक्रिय होने की पुष्टि होती है।

इस गिरोह का मुख्य आरोपी राहुल छाबड़ा बताया जा रहा है, जो पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश जारी है।

इस पूरे मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और बीएनएस की धारा 112 के तहत केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Chhattisgarh