अंबिकापुर(अमर छत्तीसगढ़) 30 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। खाद एवं औषधि विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड स्थित दुकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद की।
मिली जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित शिवम मिष्ठान और डेली नीड्स नामक दुकानों में जांच के दौरान करीब 2 लाख रुपये से अधिक का एक्सपायरी सामान पाया गया, जिसे ग्राहकों को बेचा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर ही खराब और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त कर ली।
इस मामले में दोनों दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, अंबिकापुर नगर निगम ने गंदगी फैलाने और एक्सपायरी सामग्री बेचने के आरोप में 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
पूरी कार्रवाई कलेक्टर अजीत बसंत के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि, आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि, 27 अप्रैल से 11 मई तक पूरे प्रदेश में खाद एवं औषधि विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

