दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 24 मई । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पानी को लेकर शुरू हुआ झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इस घटना में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम दांडेसरा गांव में भी पानी को लेकर गंभीर विवाद खड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर टूट पड़े। हमले में दोनों पक्षों ने लाठी डंडों और लोहे की रॉड का इस्तेमाल एक दूसरे के खिलाफ किया। इस खूनी संघर्ष में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। जख्मी लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद भी चल रहा है. दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनके दादा सगे भाई थे। इससे पहले भी जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच खूनी झड़प हो चुकी है। उस दौरान भी टंगिया से हमला किया गया था, जिसके बाद पुलिस चौकी में समझौता कराया गया था। हालांकि इस बार पानी को लेकर हुआ विवाद पुरानी रंजिश को फिर से भड़का गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
वहीं दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने जानकारी देते हुए बताया कि जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में मारपीट की घटना सामने आई है। मारपीट की इस वारदात में कई लोग जख्मी भी हुए हैं। विवाद में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जो भी मामले में दोषी पाया जाएगा उसपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।

