राजनांदगाव(अमर छत्तीसगढ़) 26 मई। एसडीएम व तहसीलदार की मध्यस्थता में आंदोलन के 12 वे दिन समझौता हुआ। त्रिपक्षीय वार्ता में कंपनी प्रबंधक व संघर्षशील इंजीनियरिंग श्रमिक संघ के मध्य समझौता हुआ कि कुशल, अर्धकुशल व उच्च कुशल के वर्गीकरण हेतु श्रम विभाग द्वारा दिनांक 30.05.2026 तक जांच पूरी करके रिपोर्ट अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय में अग्रिम कार्रवाई हेतु प्रस्तुत की जाएगी।
वर्गीकरण का लाभ श्रमिकों को दिया जाएगा संस्थान द्वारा 20 प्रतिशत बोनस भुगतान हेतु बैलेंस शीट दिनांक 26 मार्च 2026 को श्रम विभाग में प्रस्तुत की जाएगी। बोनस का निर्धारण किया जाएगा अमर सिग ठेकेदार के अधीन कार्यरत श्रमिकों को फूल एन्ड फाइनल का भुगतान 30 जून 2026 तक किया जाएगा।
मृतक श्रमिक योगेश साहू की पत्नी को 14 लाख रुपए मुआवजा के साथ ड्यूटी पर लिया जाएगा, दिनांक 14.05.2026 से दिनांक 25.05.2026 तक 12 दिन उत्पादन बंद रहा। इन दिनों के वेतन भुगतान के संबंध में श्रम विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा निर्णय लिया जाएगा तथा इस आंदोलन के कारण बदले की भावना से किसी भी श्रमिक को प्रताड़ित नहीं किया जाएगा।
समझौते में कंपनी की ओर से उप महाप्रबंधक क्रांति ऋषि, विनोद कुमार व कंपनी के सीईओ तथा यूनियन की ओर से भीमराव बागडे, पुनाराम साहू, शिशुपाल साहू, शत्रुघन देशमुख, मांघी लाल,पुनीत राम, भूनेश्वर साहू व जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम व तहसीलदार ने हस्ताक्षर किये उक्त समझौते को श्रमिकों को पढ़कर सुनाया गया। उसके बाद रात 11:00 बजे धरना समाप्त किया गया। श्रमिकों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर तथा पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया।

